Rajasthan Vacancy:राजस्थान में 15 विभागों में होंगी 60,000 पदों पर भर्तियां

02:09 PM Oct 12, 2024 | zoomnews.in

Rajasthan Vacancy : राजस्थान के बेरोजगारों के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से अगले साल जनवरी-2025 से लेकर मार्च- 2026 तक 60 हजार लोगों की भर्तियां की जाएंगी। ये भर्तियां अलग-अलग 15 से ज्यादा विभागों में 50 से ज्यादा पदों के लिए होंगी। इसके लिए कैलेंडर तैयार कर लिया गया है। इसे 15 अक्टूबर तक जारी कर दिया जाएगा। राजस्थान में पहली बार भर्ती परीक्षा की तारीख के साथ ही रिजल्ट कब जारी होगा, इसकी जानकारी भी कैलेंडर में दी जाएगी।


सीएम के आदेश के बाद वार्षिक कैलेंडर तैयार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पिछले दिनों राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं के आयोजन को समय सीमा में पूरा करने का आदेश दिया था। उन्होंने कहा था- रिजल्ट भी जल्द से जल्द जारी किया जाए, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े।

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया- राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से समयबद्ध तरीके पर भर्ती परीक्षा के साथ रिजल्ट जारी करने का प्रारूप (कैलेंडर) तैयार कर लिया गया है। भर्ती परीक्षा के आयोजन के साथ ही संबंधित भर्ती परीक्षा का प्रैक्टिकल, टाइपिंग टेस्ट कब होगा। इसके बाद रिजल्ट कब जारी होगा। इसकी जानकारी भी भर्ती कैलेंडर में दी जाएगी।


पहले काफी इंतजार करना पड़ता था

आलोक राज ने कहा- राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं के आयोजन के बाद ही स्टूडेंट्स को रिजल्ट के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था। ऐसे में हमने एक प्रारूप तैयार किया है। इसके तहत भविष्य में कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित किसी भी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट अधिकतम 3 से 5 महीने में जारी कर दिया जाएगा। इसी वजह से हमने भर्ती परीक्षा की तारीख के साथ ही कैलेंडर में भर्ती परीक्षा का रिजल्ट कब जारी होगा, इसकी भी जानकारी देने का फैसला किया है।