Republic Day 2024:देश मना रहा 75वां गणतंत्र दिवस- कर्तव्य पथ पर दिखेगी नारी शक्ति की झलक

08:42 AM Jan 26, 2024 | zoomnews.in

Republic Day 2024: देश आज अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. हमेशा की तरह, सभी की निगाहें वार्षिक गणतंत्र दिवस परेड पर हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भारत की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित की जाएगी. इस साल की परेड के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हैं. वहीं, गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन सेवा, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा और सुधार सेवा के कुल 1,132 कर्मियों को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया है. बता दें कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था.

देश के 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर आज ‘महिला सशक्तीकरण’ पर केंद्रित 26 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इन झांकियों में सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में महिलाओं की भूमिका से लेकर महिला वैज्ञानिकों के योगदान की झलक मिलेगी। देश की महिला शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों पर केंद्रित इस भव्य समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

पीएम मोदी ने देशवासियों को दीं गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि देश के अपने समस्त परिवारजनों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. जय हिंद!

कर्तव्य पथ पर परेड दिखेगी ये खास झलक

  • फ्रांसीसी राष्ट्रपति होंगे गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि
  • परेड में दिखेगा भारतीय नारी शक्ति का जलवा
  • परेड में शामिल होंगी करीब 80 फीसदी महिलाएं
  • सेना की आर्टिलरी महिला ऑफिसर भी शामिल
  • मिडियम रेंज की सर्फेस टू एयर मिसाइल सिस्टम
  • पहली बार आर्मी, नेवी और IAF का महिला दस्ता
  • परेड में दिखेगा CRPF का ऑल वूमेन दस्ता
  • BSF के ऊंट पर सवार दस्ते में भी महिलाएं
  • परेड में हिस्सा लेगा फ्रांस का मार्चिंग दस्ता
  • फ्रांसीसी फाइटर जेट राफेल भी भरेंगे उड़ान

दर्शकों पर फूलों की बारिश करेंगे हेलीकॉप्टर

राष्ट्र ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान के साथ ही स्वदेशी बंदूक प्रणाली ‘105-एमएम इंडियन फील्ड गन’ से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। मंत्रालय के अनुसार ‘105 हेलीकॉप्टर यूनिट’ के 4 MI-17 हेलीकॉप्टर कर्तव्य पथ पर उपस्थित दर्शकों पर फूलों की वर्षा करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू के सलामी लेने के साथ परेड शुरू होगी। परेड की कमान दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार संभालेंगे।

सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी गणतंत्र दिवस परेड

गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी और लगभग 90 मिनट तक चलेगी। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्रीय समर स्मारक’ पर जाने से होगी, जहां वह शहीद हुए नायकों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि कुछ मिनट बाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उनके फ्रांसीसी समकक्ष मैक्रों ‘पारंपरिक बग्गी’ में पहुंचेंगे।

जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं. दिल्ली की सभी सीमाओं को परेड खत्म होने तक सील कर दिया गया है. जमीन पर सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री के हथियारबंद जवानों को तैनात कर दिया गया है. कई मार्गां पर नाकाबंदी कर दी गई है.